अब कैमरों की निगरानी में रहेगा छोटीसादड़ी शहर: विधायक कृपलानी ने किया सीसीटीवी प्रोजेक्ट का शुभारंभ

अब कैमरों की निगरानी में रहेगा छोटीसादड़ी शहर: विधायक कृपलानी ने किया सीसीटीवी प्रोजेक्ट का शुभारंभ
X

निंबाहेड़ा। निंबाहेड़ा–छोटीसादड़ी विधानसभा के छोटीसादड़ी शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और आधुनिक तकनीक के माध्यम से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नगर के प्रमुख चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों के कार्य का शुभारंभ पुलिस थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व यूडीएच मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्रीचंद कृपलानी रहे, जिन्होंने विधिवत शुभारंभ किया।

छोटीसादड़ी नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मोहिल ने बताया कि यह कार्य विधायक मद से करीब 25 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इसके तहत शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की निगरानी पुलिस थाना परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम से की जाएगी, जिससे शहर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि शहर में बढ़ती आबादी और गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत बनाना आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे लगने से चोरी, लूट और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण होगा तथा पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रखने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि तकनीक के उपयोग से शहर को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकता है। सीसीटीवी कैमरे लगने से अपराधियों में भय का वातावरण बनेगा और आमजन को भी सुरक्षा का भरोसा मिलेगा। कृपलानी ने कहा कि छोटीसादड़ी को विकसित और सुरक्षित शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा विकास कार्यों की यह श्रृंखला आगे भी जारी रहेगी।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी आह्वान किया कि शहर के विकास और सुरक्षा से जुड़े आवश्यक सुझाव प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाएं, ताकि सामूहिक प्रयासों से शहर को बेहतर बनाया जा सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रतापगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से ही कानून-व्यवस्था मजबूत बनती है। शहर में सीसीटीवी कैमरे लगने से अपराधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनेगा और आम नागरिकों को सुरक्षा का विश्वास मिलेगा।

पुलिस उप अधीक्षक रामेश्वर लाल ने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से शहर की गतिविधियों की निगरानी अधिक प्रभावी तरीके से की जा सकेगी। किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी तुरंत मिलने से पुलिस समय रहते कार्रवाई कर सकेगी, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।

कंट्रोल रूम के लिए विधायक कृपलानी ने की 5 लाख की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम की आवश्यकता को देखते हुए विधायक श्रीचंद कृपलानी ने डीएसपी रामेश्वर लाल और छोटीसादड़ी पुलिस थाना सीआई प्रवीण टांक की मांग पर 5 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की। यह राशि कंट्रोल रूम कक्ष के निर्माण के लिए उपयोग में लाई जाएगी, जिससे कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग सुचारू रूप से हो सकेगी।

विधायक कृपलानी ने कहा कि कंट्रोल रूम बनने के बाद पुलिस को शहर की हर गतिविधि पर तुरंत नजर रखने में सुविधा मिलेगी और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। कार्यक्रम का संचालन छोटीसादड़ी भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने किया।

इस अवसर पर छोटीसादड़ी एसडीएम यतींद्र पोरवाल, डीएसपी रामेश्वर लाल, तहसीलदार राजकुमार सारेल, सीआई प्रवीण टांक, जलोदा जागीर थानाधिकारी पुराराम, धोलापानी थानाधिकारी प्रवीण चारण, थानाधिकारी रविंद्र पाटीदार, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष धनराज शर्मा, डालचंद जणवा, निम्बाहेड़ा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रहलादराय साहू, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जसपाल गुर्जर, भाजपा जिला प्रवक्ता रामचंद्र माली, पूर्वी मंडल अध्यक्ष विक्रम कुमावत, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष लोकेश धाकड़, जिला परिषद सदस्य दलपत कुमार मीणा, निंबाहेड़ा नगर महामंत्री देवकरण समदानी, मिट्टूलाल जणवा, रमेश गोपावत, विष्णु पाटीदार, कैलाश चंद्र गुर्जर, शांतिलाल मेनारिया सहित कई जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।

Next Story