विश्व जल दिवस पर जिलेभर में जल संरक्षण का व्यापक संदेश, विभिन्न बांधों पर हुए जागरूकता कार्यक्रम

विश्व जल दिवस पर जिलेभर में जल संरक्षण का व्यापक संदेश, विभिन्न बांधों पर हुए जागरूकता कार्यक्रम
X



चित्तौड़गढ़, । विश्व जल दिवस के अवसर पर जिलेभर में जल संरक्षण एवं मितव्ययी उपयोग को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। XEN राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में बस्सी, बोरदा, मुरलिया, भूपालसागर एवं जोगणिया माता बांध सहित विभिन्न जल स्रोतों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर जल पूजन किया गया तथा आमजन को जल के महत्व से अवगत कराया गया।

कार्यक्रमों के दौरान जल उपयोक्ता संगम के सदस्यों, कृषकों, ग्रामीणजनों एवं विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। उपस्थितजनों को जल के विवेकपूर्ण एवं मितव्ययी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है तथा भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन, भू-जल स्तर बढ़ाने एवं जल की बर्बादी रोकने के विभिन्न उपायों पर भी चर्चा की गई। कृषकों को सिंचाई में आधुनिक तकनीकों को अपनाने, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर पद्धति का उपयोग बढ़ाने तथा पानी के समुचित प्रबंधन के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्होंने जल की एक-एक बूंद के महत्व को समझते हुए उसके संरक्षण एवं सतत उपयोग का संकल्प लिया। इस दौरान “जल है तो कल है” का संदेश देते हुए सभी से अपने दैनिक जीवन में जल बचाने की आदत अपनाने का आह्वान किया गया।

Next Story