अफीम तौल का आगाज आज से; 21 हजार से अधिक किसानों की अफीम का होगा तौल

चित्तौड़गढ़। अफीम उत्पादक किसानों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने इस वर्ष अफीम तौल की तारीखों का ऐलान कर दिया है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार तौल प्रक्रिया दो दिन पूर्व यानी आज से शुरू होने जा रही है। इस बार उदयपुर और चित्तौड़गढ़ जिलों के कुल 21,900 से अधिक पट्टाधारी किसान अपनी उपज सरकार को सौंपेंगे।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार किसानों की सुविधा और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए तौल प्रक्रिया को खंडवार विभाजित किया गया है। नारकोटिक्स विभाग के प्रथम खंड में सबसे पहले तौल शुरू होगा। इसमें करीब 300 से अधिक गांवों के लगभग 8,000 किसान शामिल हैं। 'गम' पद्धति के तहत करीब 6,000 किसानों ने पारंपरिक तरीके से चीरा लगाकर अफीम निकाली है, जबकि लगभग 2,000 किसानों ने बिना चीरा लगाए डो़डों के जरिए उत्पादन किया है।

प्रथम खंड का तौल आज नारकोटिक्स विभाग परिसर (जिला मुख्यालय) में शुरू होगा। द्वितीय खंड का तौल 02 अप्रैल से जिला मुख्यालय परिसर एवं तृतीय खंड का तौल निंबाहेड़ा केंद्र पर होगा। विभाग ने केंद्रों पर छाया, पानी और बैठने की माकूल व्यवस्था की है। तौल के दौरान गड़बड़ी रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरों और कड़े सुरक्षा घेरे में शुद्धता की जांच की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि समय से पहले तौल शुरू करने का उद्देश्य मानसून या खराब मौसम की आशंका से पहले प्रक्रिया पूरी करना है।

Next Story