कश्मोर रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जनसुनवाई, सम्मान एवं प्रमाण पत्र वितरण

कश्मोर रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जनसुनवाई, सम्मान एवं प्रमाण पत्र वितरण
X

चित्तौड़गढ़। उपखंड चित्तौड़गढ़ की ग्राम पंचायत कश्मोर मुख्यालय पर जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई का आयोजन किया गया। चौपाल में लगभग 35 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें से अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

इस अवसर पर होनहार विद्यार्थियों का सम्मान किया गया, नवविवाहित दंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को 11 प्रॉपर्टी पत्र वितरित किए गए।

शिक्षा पर विशेष जोर, CSR से शिक्षक व्यवस्था के निर्देश

जनसुनवाई के दौरान छात्रा हर्षिता सुथार ने अपने उज्ज्वल भविष्य को लेकर विचार व्यक्त किए। जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों को “काक चेष्टा, बगुला ध्यान” का उदाहरण देते हुए निरंतर अध्ययन एवं एकाग्रता का महत्व बताया।

गणित विषय में अध्यापक की कमी का मुद्दा सामने आने पर जिला कलक्टर ने उपखंड अधिकारी को निर्देश दिए कि CSR के माध्यम से शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्यालय की मरम्मत एवं चारदीवारी निर्माण के लिए भी CSR से तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एक-एक परिवाद पर संवेदनशील सुनवाई

चौपाल में ग्रामीणों द्वारा विभिन्न विषयों पर परिवाद प्रस्तुत किए गए, जिनमें गौशाला हेतु भूमि आवंटन

विद्यालय भवन की मरम्मत एवं चारदीवारी निर्माण, नरपत खेड़ी में पानी की टंकी, यूआईटी योजना में प्लॉट आवंटन, साफ-सफाई अभियान,जन्म प्रमाण पत्र एवं आधार संबंधी समस्या,खेत तक रास्ता खुलवाना, पिपली मार्ग पर बिजली के खंभे हटाना, सड़क निर्माण एवं पट्टा वितरण संबंधी प्रकरणों की सुनवाई की।

गौशाला संबंधी आवेदन पर जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि पहले संचालन प्रारंभ किया जाए, तत्पश्चात भूमि आवंटन पर विचार किया जाएगा। नरपत खेड़ी में पानी की टंकी तीन दिवस में नियमित भरने के निर्देश सचिव को दिए गए। ग्राम में साफ-सफाई अभियान सात दिवस में प्रारंभ करने के निर्देश भी जारी किए गए।

चारागाह भूमि से हटेंगे अतिक्रमण

चारागाह भूमि एवं अन्य अतिक्रमण मामलों पर तहसीलदार को सात दिवस में कार्रवाई कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। खेल मैदान के विकास हेतु हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के CSR से कार्य कराने की बात कही गई। विद्यालय के सामने गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पेंशन, प्रमाण पत्र एवं सामाजिक सुरक्षा

चौपाल में शांताबाई एवं उनके पति जमनालाल दोनों को वृद्धावस्था पेंशन मौके पर ही स्वीकृत की गई। आधार संबंधी समस्या के समाधान हेतु जन्म प्रमाण पत्र मौके पर जारी किए गए। समाज कल्याण विभाग के 71 पेंशनरों एवं 18 दिव्यांगजनों के प्रकरणों की समीक्षा कर बंद पड़ी पेंशन का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। समाज कल्याण विभाग के राहुल सेन द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य की जिला कलक्टर ने सराहना की।

कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, उपखंड अधिकारी बिनु देवल, तहसीलदार विपिन चौधरी, विकास अधिकारी समुंदर सिंह, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दसोरा, सीएमएचओ ताराचंद गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

रात्रि चौपाल के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान ही सुशासन की पहचान है।

Tags

Next Story