निंबाहेड़ा में MSP खरीद केंद्र शुरू नहीं होने पर उठे सवाल, किसानों को हो रहा आर्थिक नुकसान-आंजना

निंबाहेड़ा निंबाहेड़ा क्षेत्र के किसानों के साथ भेदभाव का मुद्दा अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। जिले के चित्तौड़गढ़, बड़ीसादड़ी सहित अन्य स्थानों पर सरकार द्वारा समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं खरीद के लिए केंद्र काफी समय पहले शुरू किए जा चुके हैं, लेकिन निंबाहेड़ा में अब तक खरीद केंद्र प्रारंभ नहीं हो पाया है, जिससे किसानों में रोष व्याप्त है।
पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने इस संबंध में जनप्रतिनिधियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि जिन किसानों ने अपनी उपज को समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए पंजीयन करवाया था, वे अब मजबूरी में मंडी में ₹2200 से ₹2500 प्रति क्विंटल की दर से गेहूं बेचने को विवश हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
आंजना ने माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं जिला कलेक्टर, चित्तौड़गढ़ से आग्रह करते हुए मांग की है कि निंबाहेड़ा में अतिशीघ्र समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं खरीद हेतु तौल केंद्र प्रारंभ किया जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और उन्हें आर्थिक हानि से बचाया जा सके ।
