निम्बाहेड़ा में राजीविका महिला कार्यकर्ताओं का सम्मान, डिजिटल सशक्तिकरण हेतु टैबलेट वितरण

निम्बाहेड़ा। निम्बाहेड़ा ब्लॉक में राजीविका विभाग द्वारा विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 कैडर महिला कार्यकर्ताओं को सम्मानित करते हुए उन्हें डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में टैबलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन पंचायत समिति सभागार में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को गरिमामयी और प्रेरणादायक बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने राजीविका से जुड़ी महिलाओं से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि आज का दौर डिजिटल युग का है, जिसमें तकनीकी सशक्तिकरण के माध्यम से महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन सकती हैं, बल्कि समाज और परिवार के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि राजीविका के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास और आर्थिक स्वावलंबन के नए अवसर मिल रहे हैं, जिनका लाभ उठाकर वे अपने जीवन स्तर को बेहतर बना रही हैं।
कृपलानी ने आगे कहा कि सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है कि महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी महिलाओं से आग्रह किया कि वे निरंतर सीखने की भावना बनाए रखें और डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर अपने कार्य को और अधिक प्रभावी बनाएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राजीविका से जुड़ी बहनों के समग्र विकास के लिए वे हरसंभव सहयोग प्रदान करते रहेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, भाजपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट एवं नगर महामंत्री देवकरण समदानी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विकास अधिकारी लक्ष्मण लाल खटीक, राजीविका जिला प्रबंधक बाबूलाल कुमावत एवं कमलेश कुमार दाधीच ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर पंचायत समिति के अधिकारीगण, राजीविका स्टाफ एवं निंबाहेड़ा क्लस्टर के सभी कर्मियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
