न्याय की मांग को लेकर 29 मार्च को मुख्यमंत्री आवास घेरेगा राष्ट्रीय करणी सेना

चित्तौड़गढ़। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के दो वर्ष बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई न होने से समाज में भारी रोष है। इस मामले को लेकर राष्ट्रीय करणी सेना ने आगामी 29 मार्च को जयपुर में मुख्यमंत्री आवास के घेराव का ऐलान किया है।
चित्तौड़गढ़ में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि गोगामेड़ी की हत्या को लगभग दो वर्ष पूरे होने को हैं, लेकिन अभी तक न्याय की प्रक्रिया कछुआ चाल से चल रही है। हालांकि मामले की जांच एनआईए (NIA) को सौंपी गई है, लेकिन समाज का आरोप है कि घटना में शामिल मुख्य साजिशकर्ताओं और हत्यारों पर अब तक वैसी ठोस कार्रवाई नहीं हुई है जिसकी उम्मीद की जा रही थी।
करणी सेना के प्रवक्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि 29 मार्च को होने वाले प्रदर्शन में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में समाजजन जुटेंगे। राज्य सरकार के खिलाफ इस घेराव को लेकर एक विशेष रणनीति तैयार की गई है। पदाधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता और दोषियों को कड़ी सजा नहीं होती, तब तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।
