एलपीजी गैस आपूर्ति, भंडारण व वितरण की समीक्षा बैठक आयोजित

चित्तौड़गढ़ । माननीय मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना में जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा हेतु बैठक जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में जिला स्तर पर गठित जिला सतर्कता समिति के सदस्य अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन), अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अवाप्ति), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला रसद अधिकारी तथा ऑयल कंपनी के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिन गैस एजेंसियों पर अचानक बुकिंग एवं आपूर्ति में वृद्धि हुई है, उन एजेंसियों तथा संबंधित वितरण क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति स्वीकृत क्षेत्रों में निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि उपखण्ड स्तर पर गठित सतर्कता समितियों द्वारा अधिक से अधिक संयुक्त निरीक्षण किए जाएं तथा ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित किया जाए जहां गैस का अवैध भंडारण, अवैध रिफिलिंग या कालाबाजारी की आशंका हो। ऐसे मामलों में संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान ऑयल कंपनी के समन्वयक विवेक कुमार ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में लगभग 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर गैस बुकिंग की जा रही है और जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के स्टॉक में किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि बुकिंग के बाद ओटीपी प्राप्त कर दो दिन के भीतर घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि चित्तौड़गढ़ जिले में वर्तमान में कुल 28 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनके माध्यम से 3 लाख 85 हजार 680 सक्रिय घरेलू गैस कनेक्शन हैं। वर्तमान में जिले में 10 हजार 790 घरेलू गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। व्यावसायिक 19 किलोग्राम गैस सिलेंडर की आपूर्ति उपलब्धता के आधार पर की जाएगी।
एलपीजी गैस से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए आमजन जिला प्रशासन कंट्रोल नंबर 01472-240951, खाद्य विभाग हेल्पलाइन 1445 तथा पुलिस कंट्रोल नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं।
