सीएम आवास पर पहली बार चित्तौड़गढ़ पदाधिकारियों की अलग बैठक, समन्वय को लेकर बड़ा विमर्श

सीएम आवास पर पहली बार चित्तौड़गढ़ पदाधिकारियों की अलग बैठक, समन्वय को लेकर बड़ा विमर्श
X

चित्तौड़गढ़ | जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर बुधवार को चित्तौड़गढ़ भाजपा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की दो चरणों में बैठक हुई, जिसमें सत्ता और संगठन के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवारी, प्रदेश मंत्री मिथलेश गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, मुकेश दाधिच, सहित शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा। चित्तौड़गढ़ जिला अध्यक्ष रतनलाल गाडरी की उपस्थिति में सरकार के कार्यों, संगठन की प्राथमिकताओं और दोनों के बीच तालमेल को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। जिला मीडिया संयोजक मनोज पारीक ने बताया कि बैठक दो स्तरीय रही—पहली चित्तौड़गढ़ जिले के पदाधिकारियों के साथ और दूसरी उदयपुर संभाग के सातों जिलों के पदाधिकारियों के साथ। पहली बार सीएम आवास पर चित्तौड़गढ़ जिले के मनोनीत पदाधिकारियों की अलग से विशेष बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं ने एक-एक कार्यकर्ता से सीधी बातचीत कर सत्ता और संगठन के बीच समन्वय पर उनकी राय जानी तथा सरकार के कार्यों का फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जहाँ हर कार्यकर्ता गुलदस्ते की तरह एकजुट होकर काम करता है और सभी को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि आने वाले पंचायत चुनावों में संगठन को एकजुटता के साथ काम करना होगा और सोशल मीडिया पर भी सक्रियता बढ़ानी होगी। बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि जयपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में सरकार के मंत्री अब निश्चित समय पर कार्यकर्ताओं की आम समस्याओं पर नियमित जनसुनवाई करेंगे। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने सिर्फ दो वर्षों में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की तुलना में कई गुना अधिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र को 28 करोड़ रुपए की राशि दी गई है और अब तक लगभग 91 हजार युवाओं को नियुक्तियाँ प्रदान की गई हैं। अवैध धर्मांतरण के विरुद्ध देश का सबसे सख्त कानून भी राज्य में लागू किया गया है। वहीं, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए पंचायत चुनाव से पहले वार्डों का असमान पुनर्गठन किया और राजनीतिक स्वार्थ से जिलों का जल्दबाजी में गठन किया। राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य में दो वर्ष में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ मिली हैं और कार्यकर्ताओं को इन उपलब्धियों का प्रचार जनता के बीच करना चाहिए। इस अवसर पर प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, मीडिया, आईटी और सोशल मीडिया संयोजकों को विशेष बुलावा भेजा गया था।

Next Story