म्हारो पावन चित्तौड़ स्वच्छता अभियान में वार्ड 12 में चला विशेष सफाई महाअभियान

म्हारो पावन चित्तौड़ स्वच्छता अभियान में वार्ड 12 में चला विशेष सफाई महाअभियान
X


चित्तौड़गढ़, । नगर परिषद चित्तौड़गढ़ द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से संचालित “म्हारो पावन चित्तौड़” विशेष स्वच्छता अभियान के तहत गुरुवार को वार्ड संख्या 12 में व्यापक सफाई महाअभियान आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान जिला कलक्टर आलोक रंजन ने वार्डवासियों से संवाद कर स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने की अपील की। उन्होंने शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने का आह्वान करते हुए नागरिकों को कपड़े के थैले वितरित किए।

मुख्य मार्ग एवं नालियों की सफाई

अभियान के अंतर्गत मुख्य मार्गों, नाला-नालियों, डिवाइडरों एवं सार्वजनिक स्थलों की गहन सफाई की गई। कचरा डंपिंग पॉइंट्स, खाली पड़े प्लॉट्स एवं झाड़ियों को साफ किया गया। साथ ही बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने, अवैध अतिक्रमण हटाने तथा पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई जैसी आवश्यक कार्रवाइयाँ भी की गईं।

नगर परिषद की संयुक्त टीम द्वारा लगभग 50 टन सॉलिड वेस्ट एवं नालों से निकले सिल्ट को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाया गया।

अभियान के दौरान प्लास्टिक मुक्त शहर के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए आमजन को जागरूक किया गया तथा 350 कपड़े के थैले वितरित किए गए। नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, गीले एवं सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने तथा कचरा संग्रहण वाहन में ही कचरा डालने की अपील की गई।

इस विशेष अभियान में नगर परिषद आयुक्त, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, स्वास्थ्य निरीक्षक, वार्ड जमादार, अतिक्रमण दस्ता दल, सफाई मित्र एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

Next Story