छात्र अंकुश ने खेल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास

निंबाहेड़ा | श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय निंबाहेड़ा के खेल जगत में एक और गौरवशाली उपलब्धि जोड़ते हुए स्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र अंकुश पुत्र रणवीर ने उत्तराखण्ड में आयोजित 38 वें राष्ट्रीय खेल, जो कि 4 साल में एक बार आयोजित होता हैं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कांस्य पदक प्राप्त किया। इस शानदार उपलब्धि ने न केवल उनके व्यक्तिगत कॅरियर को नई उंचाइयों पर पहुंचाया बल्कि अपने विश्वविद्यालय, राज्य व देश का नाम भी रोशन किया। विश्वविद्यालय के टीम प्रबंधक विकास शर्मा ने बताया कि दिनांक 28 जनवरी से 14 फरवरी 2025 तक चली खेल प्रतियोगिता में अपनी दक्षता का प्रदर्शन करते हुए अंकुश ने ग्रीको रोमन शैली कुश्ती में 130 किलोग्राम में अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात दी और शानदार प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें आयोजकों द्वारा सम्मानित किया गया। इस मौके पर अंकुश ने कहा यह जीत मेरे लिए बहुत खास हैं। यह मेरी कड़ी मेहनत, अनुशासन और मेरे प्रशिक्षकों, विश्वविद्यालय एवं परिवार के सहयोग का परिणाम हैं। मैं आगे भी इसी जोश और समर्पण के साथ खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने लिए प्रतिबद्ध रहूंगा। विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन कैलाश मूंदड़ा ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता खेल के क्षेत्र में नए खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक होगी। अंकुश की इस सफलता पर खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाइयां दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Next Story