परिवहन विभाग और विधायक के बीच तल्खी, ऑडियो वायरल होने से गरमाया सियासी पारा

परिवहन विभाग और विधायक के बीच तल्खी, ऑडियो वायरल होने से गरमाया सियासी पारा
X

चित्तौड़गढ़। राजस्थान का परिवहन विभाग अक्सर अपनी वसूली को लेकर सुर्खियों में रहता है, लेकिन इस बार मामला कुछ अलग है। चित्तौड़गढ़ में एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने जिले की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी है। यह ऑडियो चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह और आरटीओ इंस्पेक्टर सतीश उपाध्याय के बीच की बातचीत का बताया जा रहा है।

गाली-गलौज और धमकी तक पहुंची बात

वायरल ऑडियो के अनुसार, शुरुआत में एक व्यक्ति खुद को रविंद्र भूतड़ा बताते हुए विधायक की गाड़ी का चालान काटे जाने पर आपत्ति जताता है। जब संबंधित अधिकारी नियम के तहत चालान भरने की बात कहते हैं, तो मामला बिगड़ जाता है। इसके बाद फोन पर विधायक चंद्रभान सिंह के होने का हवाला देते हुए तीखी नोकझोंक शुरू होती है। ऑडियो में अधिकारी को जमकर लताड़ लगाई गई है और कथित तौर पर बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। विधायक के प्रतिनिधि के रूप में बात करने वाले व्यक्ति ने गंगरार टोल नाके पर मारपीट तक की धमकी दी है। हालांकि, इस वायरल ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुराने विवादों की यादें हुईं ताजा

चित्तौड़गढ़ जिले में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच विवाद का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले बेगूं के पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी का भी एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने थाना अधिकारी संजय गुर्जर के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। ताजा मामले ने एक बार फिर जिले में 'दबंग राजनीति' की चर्चा छेड़ दी है।

प्रतिक्रियाओं का दौर जारी

फिलहाल इस पूरे प्रकरण पर आरटीओ इंस्पेक्टर सतीश उपाध्याय या विधायक चंद्रभान सिंह की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। दूसरी ओर, विपक्ष ने इस मुद्दे को हाथों-हाथ लिया है। पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस घटना की कड़ी आलोचना की है। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इस तरह के व्यवहार को लेकर जनता के बीच भी मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

Tags

Next Story