विधायक कृपलानी के अथक प्रयासों से करीब एक करोड़ से अधिक की मुआवजा राशि वितरित

निंबाहेड़ा। रेनका नाका बांध सिंचाई परियोजना के निर्माण के दौरान जिन किसानों की भूमि अवाप्ति की गई थी, उनके लंबित मुआवजा प्रकरणों का समाधान करते हुए करीब 42 प्रभावित परिवारों को एक करोड़ रुपये से अधिक की मुआवजा राशि के चेक वितरित किए गए। यह राशि पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक चंद कृपलानी के अथक प्रयासों से लगभग 7 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद किसानों को प्राप्त हो सकी।
पंचायत समिति सभागार में आयोजित मुआवजा चेक वितरण कार्यक्रम पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक चंद कृपलानी के मुख्य आतिथ्य तथा पूर्व विधायक अशोक नवलखा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पूर्व जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, उपखंड अधिकारी विकास पंचोली, नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी एवं कनेरा मंडल अध्यक्ष जुगलकिशोर धाकड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि चंद कृपलानी ने कहा कि किसानों के साथ न्याय करना उनकी प्राथमिकता रही है। इस परियोजना के पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2018 में धरातल पर आने के बाद कांग्रेस सरकार के समय से लंबित मुआवजा प्रकरणों को सुलझाने के लिए उन्होंने निरंतर प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप आज प्रभावित परिवारों को उनका अधिकार मिल सका। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रभावित किसानों ने मुआवजा राशि प्राप्त होने पर संतोष और प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक चंद कृपलानी का आभार प्रकट किया।
