पूर्व मंत्री आंजना के द्वारा लगाए गए आरोप मिथ्या, झूठे, निराधार एवं राजनीति से प्रेरित- विधायक कृपलानी

निम्बाहेड़ा। गायरी समाज द्वारा निम्बाहेड़ा उपखण्ड कार्यालय पर प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना द्वारा लगाए गए आरोपों को पूर्व यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने मिथ्या, झूठा, निराधार व राजनीति से प्रेरित बताया।
विधायक कृपलानी ने मंगलवार को बयान जारी कर प्रतिउत्तर में कहा कि पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना इस घटना पर राजनीति कर गायरी समाज को गुमराह करने में लगे हैं। कृपलानी ने कहा कि आंजना इस घटना को हत्या की धारा में दर्ज करवाने की मांग कर रहे हैं, जिससे लगता है कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों से प्रकरण के संबंध में पूर्ण जानकारी नही ली है और मात्र फौरी राजनीति कर समाज एवं क्षेत्रवासियों को गुमराह कर रहे हैं। कृपलानी ने कहा कि पूर्व सहकारिता मंत्री आंजना जिन धाराओं में प्रकरण दर्ज करवाने की मांग कर रहे हैं, गायरी समाज की मांग पर पुलिस ने इस प्रकरण को 302 (हत्या), 365 (अपहरण), 342 (बंधक बनाकर रखना) तथा 146 (ज़बरदस्ती श्रम करवाना) आदि धाराओं में दर्ज कर जांच की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने गायरी समाज के वरिष्ठ जनों की मांग तथा बताए अनुसार उदयपुर पुलिस रेंज महानिरीक्षक से वार्ता कर जांच अधिकारी बलवाकर समाज द्वारा बताए गए अधिकारी को जांच सौंपी गई।
कृपलानी ने कहा कि पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने मेरे द्वारा मांगरोल में स्व. श्री प्रेमचंद गायरी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के अवसर को लेकर भी मनगढ़ंत बातें कहीं जो मिथ्या एवं लोगों को भ्रमित करने वाली है।
विधायक कृपलानी ने कहा कि वे सदैव सत्य एवं न्याय के साथ रहते हुए सर्व समाज की सेवा में लगे रहे हैं तथा वे स्वयं भी इस प्रकरण में सत्य सामने लाने के लिए संकल्पबद्ध हैं।
