निर्धन और असहाय परिवारों के लिए जैन जागृति सेंटर ने मकर संक्रांति पर शुरू किया अभियान

निर्धन और असहाय परिवारों के लिए जैन जागृति सेंटर ने मकर संक्रांति पर शुरू किया अभियान
X

निम्बाहेड़ा। मकर संक्रांति के पावन पर्व के अवसर पर जैन जागृति सेंटर, निम्बाहेड़ा की ओर से भीषण ठंड के बीच निर्धन एवं असहाय परिवारों के लिए 100 ऊनी कंबल वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया। यह सेवा कार्य जे.जे.सी. सेंट्रल बोर्ड, मनीष, हेमंत नवलखा तथा समस्त दानदाताओं के सहयोग से प्राप्त ऊनी कंबलों के माध्यम से प्रारंभ किया गया।

बुधवार रात्रि को आयोजित इस सेवा अभियान के अंतर्गत नगर की प्रमुख गौशालाओं—श्री सांवरिया गौशाला, श्रीराम गौशाला एवं श्री जैन दिवाकर कमल गौशाला—में कार्यरत श्रमिक परिवारों को कंबलों का वितरण किया गया। कड़ाके की ठंड में इस सहायता से श्रमिक परिवारों के चेहरों पर राहत और संतोष दिखाई दिया।

कंबल वितरण कार्यक्रम में जैन जागृति सेंटर के अध्यक्ष अशोक नवलखा, सचिव अतुल सेठिया, सलाहकार सिद्धराज संघवी तथा कार्यकारिणी सदस्य विरेन्द्र मारू, आशीष बोडाना एवं दीपक सगरावत उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने श्रमिक परिवारों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा सेवा भावना के साथ समाज के कमजोर वर्गों के लिए निरंतर सहयोग का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर जैन जागृति सेंटर के पदाधिकारियों ने कहा कि मकर संक्रांति केवल पर्व मनाने का ही नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और मानवता को अपनाने का संदेश देता है। समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुंचाना ही इस पर्व की सच्ची सार्थकता है। उन्होंने दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही ऐसे सेवा कार्य संभव हो पाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

Next Story