निंबाहेड़ा में दो दिवसीय “उन्नति वूमेन एम्पावरमेंट एग्जीबिशन” का शुभारंभ

निंबाहेड़ा में दो दिवसीय “उन्नति वूमेन एम्पावरमेंट एग्जीबिशन” का शुभारंभ
X

निंबाहेड़ा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय “उन्नति वूमेन एम्पावरमेंट एग्जीबिशन” का शुभारंभ 10 जनवरी 2026 को किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन पूर्व विधायक अशोक नवलखा के मुख्य आतिथ्य एवं पूर्व नगर पालिका चेयरपर्सन ममता शारदा की अध्यक्षता में संयुक्त रूप से फीता खोलकर किया गया।

यह दो दिवसीय प्रदर्शनी 10 व 11 जनवरी 2026 तक आयोजित होगी। प्रदर्शनी में फैशन, लाइफस्टाइल, हैंडलूम, ज्वेलरी, होम डेकोर, स्वदेशी उत्पादों सहित कई आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से आई महिला उद्यमी यहां अपने-अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री कर रही हैं।

उद्घाटन अवसर पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे स्थानीय उपभोक्ताओं को भी एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण और विविध उत्पाद उपलब्ध होते हैं।

आयोजकों ने बताया कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य स्थानीय एवं बाहरी महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए सशक्त मंच प्रदान करना है। विजिटर्स के लिए विशेष ऑफर्स एवं नए कलेक्शन भी उपलब्ध कराए गए हैं। यह प्रदर्शनी आम जनता के लिए खुली रहेगी।

उल्लेखनीय है कि “उन्नति वूमेन एम्पावरमेंट एग्जीबिशन” की सह-संस्थापक श्वेता जैन (भीलवाड़ा) एवं शिखा मारू (निंबाहेड़ा) हैं।

Next Story