खाद्य व्यापारियों और फूड हैंडलर्स का प्रशिक्षण 18 मार्च को

चित्तौड़गढ़ । खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में खाद्य व्यापारियों और फूड हैंडलर्स के लिए फोस्टेक (फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन) प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। यह प्रशिक्षण 18 मार्च (बुधवार) को केशव माधव सभागार में दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचंद गुप्ता ने बताया कि प्रशिक्षण भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), नई दिल्ली से अधिकृत एजेंसी के प्रतिनिधियों द्वारा प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण में भाग लेने वाले सभी फूड हैंडलर्स को फूड अथॉरिटी की ओर से प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण में जिले के मिठाई विक्रेता, दुकानदार, अन्नपूर्णा रसोई के फूड हैंडलर्स, मिड-डे मील के कुक, विभिन्न आवासीय विद्यालयों के भोजन बनाने वाले कर्मचारी, राजीविका समूह के सदस्य तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों से जुड़े कार्यकर्ता एवं रसोईकर्मी सहित सभी प्रकार के खाद्य व्यापारियों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा मिठाई एवं नमकीन विक्रेता, होटल-रेस्टोरेंट संचालक, डेयरी संचालक, थोक व खुदरा किराना व्यापारी, घी-तेल व्यापारी, फल-सब्जी विक्रेता, चाय की थड़ी लगाने वाले, कचोरी-पकौड़ी बनाने वाले तथा सभी स्ट्रीट वेंडर्स भी प्रशिक्षण में भाग लेकर लाभ उठा सकते हैं।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान खाद्य व्यापारियों को रीयूज्ड कुकिंग ऑयल (आरयूसीओ) के उपयोग और उससे होने वाले नुकसान के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। साथ ही सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री तैयार करने के नियमों की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में भाग लेने वाले सभी फूड हैंडलर्स को अपना आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
