हाथी-घोड़ों और शौर्य झांकियों के साथ वीरांगनाओं को नमन, महाराणा विश्वराज सिंह भी हुए शामिल

हाथी-घोड़ों और शौर्य झांकियों के साथ वीरांगनाओं को नमन, महाराणा विश्वराज सिंह भी हुए शामिल
X

चित्तौड़गढ़। वीर-वीरांगनाओं के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करने के लिए आयोजित तीन दिवसीय 'जौहर श्रद्धांजलि समारोह' के अंतिम दिन आज चित्तौड़गढ़ की गलियां वीरता के रंगों में सराबोर नजर आईं। समारोह के समापन पर एक विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें राजस्थान की गौरवशाली संस्कृति और इतिहास का अनूठा संगम देखने को मिला।

राजसी ठाठ-बाट के साथ निकली यात्रा

इस भव्य शोभायात्रा में हाथी, घोड़े और ऊंटों का लवाजमा शामिल रहा। राजस्थान की पारंपरिक नृत्य शैलियों के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। मेवाड़ के महाराणा विश्वराज सिंह अपने परिजनों के साथ इस शोभायात्रा में विशेष रूप से सम्मिलित हुए। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी इस यात्रा में राजस्थान के वीरतापूर्ण इतिहास को दर्शाती कई आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया, जिन्हें देखने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा।

जगह-जगह हुआ पुष्प वर्षा से स्वागत

शोभायात्रा का शहरवासियों ने पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत किया। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर वीर वीरांगनाओं के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

विशेष आकर्षण: महावीर व्यायामशाला के पहलवानों ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर सभी को अचंभित कर दिया, जो पूरी यात्रा के दौरान मुख्य आकर्षण का केंद्र बने रहे।

सीएम योगी आदित्यनाथ देंगे श्रद्धांजलि

उल्लेखनीय है कि इस तीन दिवसीय श्रद्धा पर्व के तहत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी चित्तौड़गढ़ पहुंच रहे हैं, जो दुर्ग स्थित जौहर स्थल पर वीर वीरांगनाओं को नमन करेंगे। चित्तौड़गढ़ का इतिहास उन तीन महान जौहरों का गवाह है, जहाँ हजारों वीरांगनाओं ने अपने सतीत्व और स्वाभिमान की रक्षा के लिए हंसते-हंसते प्राणों की आहुति दे दी थी।

Next Story