दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
X

चित्तौड़गढ़, । जिले में आगामी जनगणना 2027 के कार्य को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिला परिषद के ग्रामीण विकास अभिकरण सभागार में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिले के समस्त उपखण्ड अधिकारियों, जिला जनगणना अधिकारियों एवं संबंधित जनगणना चार्ज अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यशाला में जनगणना की बारीकियों और तकनीकी प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई एवं तकनीकी पहलुओं का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया।

जयपुर से आए जनगणना विभाग के उप निदेशक डॉ. पुलकेश शर्मा ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है एवं सभी संबंधित चार्ज अधिकारी फील्ड में डेटा संग्रहण के दौरान शत-प्रतिशत सटीकता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी सुनिश्चित करें।

डिजिटल नवाचार और तकनीकी प्रशिक्षण

डॉ. शर्मा ने बताया कि जनगणना 2027 मुख्य रूप से एक चरणबद्ध और डिजिटल प्रक्रिया है। प्रशिक्षण के दौरान चार्ज अधिकारियों (नगर/ग्रामीण) एवं अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों को सीएमएमएस पोर्टल (CMMS Portal), एचएलबीसी मैप वेब एप्लिकेशन का संचालन, स्व गणना, एचएलओ मोबाइल ऐप (HLO Mobile App) के माध्यम से डिजिटल एंट्री, प्रपत्रों का सही संधारण और तकनीकी पोर्टल का प्रभावी उपयोग इत्यादि के सभी तकनीकी पहलुओं का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण में जानकारी दी गई कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य किया जाएगा।

स्व-गणना (Self-Enumeration) 1 मई से 15 मई तक। 16 मई से 14 जून तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर डेटा संग्रहण किया जाएगा।

कार्यशाला के दौरान सभी चार्ज अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना कार्य के सफल क्रियान्वयन हेतु तैयार की गई विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। डॉ. शर्मा ने गुणवत्ता पूर्ण जनगणना कार्य हेतु सभी जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों को प्रेरित किया।

इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में जिला सांख्यिकी अधिकारी शबनम खोरवाल, जनगणना निदेशालय राजस्थान से डॉ. पुलकेश शर्मा उपनिदेशक एवं श्री श्याम लाल प्रजापत, सांख्यिकी अन्वेषक, जिले के समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा नगर परिषद एवं जिला सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story