दो दिवसीय तकनीकी सेमिनार का आयोजन12 से

चित्तौड़गढ़, । राजस्थान सरकार की पंच गौरव योजना के अंतर्गत एक जिला एक खेल (कबड्डी) कार्यक्रम के तहत सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर, दो दिवसीय सेमिनार तथा जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
जिला खेल अधिकारी रामरतन गुर्जर ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर जारी है, जिसमें जिले के सभी ब्लॉकों से चयनित 50 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इन खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा कबड्डी की विभिन्न तकनीकों एवं रणनीतियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 12 से 13 मार्च तक दो दिवसीय कबड्डी सेमिनार आयोजित किया जाएगा। सेमिनार में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक खिलाड़ियों को खेल की बारीकियों, आधुनिक तकनीकों और फिटनेस से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देंगे। साथ ही वे अपने अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत 14 और 15 मार्च को जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में किसी भी आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे तथा महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता में लगभग 200 से 250 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में कबड्डी खेल को बढ़ावा देना तथा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को आयोजकों की ओर से आकर्षक ट्रॉफी, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
