विश्व जल दिवस पर पीएचईडी कार्यालय में जल महोत्सव का आयोजन

चित्तौड़गढ़ । विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) द्वारा जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के तत्वाधान में 'जल महोत्सव' का आयोजन किया गया। अधीक्षण अभियंता कार्यालय में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन और विभागीय कार्मिकों को जल के महत्व के प्रति सचेत करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने जल की एक-एक बूंद बचाने की सामूहिक शपथ ली। वक्ताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि जल ही जीवन का आधार है और यदि आज हमने जल संसाधनों का संरक्षण नहीं किया, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए गहरा संकट खड़ा हो जाएगा। इस दौरान दैनिक जीवन में होने वाले जल के अपव्यय को रोकने और वर्षा जल संचयन की तकनीकों को अपनाने पर बल दिया गया।
जल महोत्सव में विभाग के विभिन्न खंडों के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जल संरक्षण को एक जन-आंदोलन बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
