ओराई, मोडिया महादेव व बस्सी बांध के काश्तकारों से जल उपयोक्ता संगमों का संवाद


चित्तौड़गढ़

राज्य सरकार के निर्देशानुसार 7 फरवरी को ओराई, मोडिया महादेव एवं बस्सी बांध के कमाण्ड क्षेत्र के जल उपयोक्ता संगमों के अध्यक्षों एवं काश्तकारों के साथ संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिंचाई व्यवस्था, जल प्रबंधन, उन्नत कृषि पद्धतियों एवं विपणन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर चर्चा की गई।

नहरों की स्थिति एवं जल उपलब्धता

काश्तकारों ने बांध एवं नहरों की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि नहरों की लंबे समय से मरम्मत नहीं होने से पानी का अपव्यय हो रहा है। कच्चे धोरे पक्के कराने, क्षतिग्रस्त गेटों की मरम्मत एवं नए क्रॉस व हेड रेगुलेटर लगाने की आवश्यकता बताई गई।

साथ ही बरसाती पानी की निकासी हेतु एस्केपों की क्षमता बढ़ाने तथा नई पुलियाओं के निर्माण के लिए बजट उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

उन्नत सिंचाई प्रणाली पर जोर

कृषि विभाग बेगूं के अधिकारियों द्वारा ड्रिप व स्प्रिंकलर जैसी प्रेशर आधारित सिंचाई प्रणालियों के उपयोग पर जोर दिया गया, ताकि सीमित जल से अधिक क्षेत्र में सिंचाई की जा सके।

कम जल खपत वाली फसलों को बढ़ावा

किसानों को चना, सरसों, तारामीरा, मसूर जैसी कम पानी में उगने वाली फसलों तथा बैर, आंवला, खजूर जैसी उद्यानिकी फसलों की जानकारी दी गई। साथ ही मल्चिंग, लो-टनल, पॉलीहाउस एवं मिश्रित खेती की उपयोगिता बताई गई।

सिंचाई शुल्क वसूली पर चर्चा

जल उपयोक्ता संगम अध्यक्षों से सिंचाई शुल्क की नियमित वसूली पर जोर दिया गया। इस पर यह सुझाव आया कि शुल्क वसूली एवं रिकॉर्ड संधारण के लिए एक सरकारी कर्मचारी या संबंधित पटवारी को संगमों के सहयोग हेतु नियुक्त किया जाए।

कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण एवं विपणन

कृषि उत्पादों की सॉर्टिंग, ग्रेडिंग, पॉलिशिंग, स्टोरेज एवं बेहतर विपणन से मूल्य वृद्धि पर जानकारी दी गई तथा मंडी एवं बाजार सुविधाओं के बारे में अवगत कराया गया।

महिला कृषकों की भागीदारी

महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने हेतु डेयरी, पशुपालन, आचार-मुरब्बा, जैम, जेली, पापड़, कैंडी जैसे प्रसंस्कृत उत्पादों के निर्माण पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर राजकुमार शर्मा (अधिशासी अभियंता), कन्हैयालाल धाकड़ एवं राकेश खारोल (सहायक अभियंता), कृषि सुपरवाइजर, शम्भूलाल मीणा, ओराई बांध जल वितरण समिति अध्यक्ष सहित ओराई व मोडिया महादेव बांध के जल उपयोक्ता संगमों के अध्यक्ष एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Next Story