चित्तौड़गढ़: प्राइवेट बस की डिक्की से 2 क्विंटल से ज्यादा चंदन बरामद, जयपुर होनी थी सप्लाई


चित्तौड़गढ़। कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्राइवेट बस से भारी मात्रा में अवैध चंदन की लकड़ियां जब्त की हैं। निंबाहेड़ा से पिलानी जा रही बस में करीब 223 किलो गीली चंदन की लकड़ियां प्लास्टिक के कट्टों में छिपाकर रखी गई थीं, जिन्हें जयपुर सप्लाई किया जाना था।

कपासन चौराहे पर देर रात कार्रवाई

थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापत ने बताया कि शुक्रवार देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र के कपासन चौराहे पर नाकाबंदी की गई थी। रात करीब ढाई बजे निरजी ट्रेवल्स की बस को रुकवाकर तलाशी ली गई। बस में जयपुर, सीकर और पिलानी की सवारियां बैठी थीं। जब पुलिस ने बस की डिक्की चेक की, तो वहां प्लास्टिक के कट्टों में भारी मात्रा में चंदन की लकड़ियां बरामद हुईं।

इस दौरान समय पर पहुंचने की बात को लेकर कुछ यात्रियों ने हंगामा भी किया, जिसके बाद बस को थाने के सामने ले जाकर विस्तृत जांच की गई।

पूछताछ में बस स्टाफ का खुलासा

पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर से पूछताछ की, जिनकी पहचान इस प्रकार हुई है:

ड्राइवर: सुरेंद्र सिंह (निवासी कासनी, झुंझुनूं)

कंडक्टर: विक्रम सिंह (निवासी चिड़ावा, झुंझुनूं)

दोनों ने पुलिस को बताया कि ये कट्टे चित्तौड़गढ़ स्थित बरखा ट्रेवल्स ऑफिस के संचालक अशोक कुमार सिंधी द्वारा रखवाए गए थे। कट्टों पर एक कागज चिपका था जिस पर 'जयपुर' और एक मोबाइल नंबर लिखा हुआ था।

नहीं मिले वैध दस्तावेज

पुलिस द्वारा चंदन के परिवहन से संबंधित लाइसेंस या बिल-बिल्टी मांगने पर बस स्टाफ कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने कुल 2 क्विंटल 33 किलो चंदन की लकड़ी जब्त कर ली है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है कि इस तस्करी के तार कहां-कहां जुड़े हैं।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Next Story