दीपावली के बाद एक दिन की ड्यूटी को लेकर सरकारी कर्मचारियों में असमंजस, सीएम से अवकाश की मांग तेज

जयपुर राजस्थान सरकार के कर्मचारियों में दीपावली के बाद के कार्य दिवस को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। 21 अक्टूबर को दीपावली के अगले दिन कार्यालय खुले रहेंगे, जबकि 22 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा और 23 अक्टूबर को भाई दूज की छुट्टी रहेगी। ऐसे में कर्मचारियों और अधिकारियों को बीच में सिर्फ एक दिन के लिए दफ्तर आना होगा।
कर्मचारी संगठनों का कहना है कि दीपावली पर अधिकांश कार्मिक अपने गृह जिलों में जाते हैं, ऐसे में 21 अक्टूबर को दफ्तर आना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। संगठनों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से 21 अक्टूबर को अवकाश घोषित करने की मांग उठाई है।
इस बार सरकारी कर्मचारियों के लिए 18 से 23 अक्टूबर तक त्योहारों की शृंखला चल रही है, जिसमें केवल 21 अक्टूबर कार्य दिवस है। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि एक दिन का कार्य न तो सरकारी कामकाज को गति देगा और न ही कर्मचारियों को कोई राहत।
21 अक्टूबर को कार्य दिवस रहेगा या अवकाश — इस पर अब सबकी नजर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के फैसले पर टिकी है। फिलहाल सभी सरकारी कार्मिकों और अधिकारियों को 21 अक्टूबर को कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
