मुख्यमंत्री भजनलाल शर्माको हटाने का षडयंत्र', अशोक गहलोत के दावे ने बढ़ाई भाजपा की परेशानी

जोधपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को हटाने का षड्यंत्र चल रहा है और यह षड्यंत्र राजस्थान से लेकर दिल्ली तक किया जा रहा है। यह दावा किया है राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने।
इसके अलावा आपातकाल को लेकर भाजपा के जश्न पर भी अशोक गहलोत ने कई सवाल खड़े किए है। अपने गृह नगर जोधपुर के तीन दिवसीय दौरे पहुंचे अशोक गहलोत ने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए यह बात कही है। पूर्व मुख्यमंत्री के इस बयान से राजस्थान में राजनीतिक हलचलें है तेज हो गई है।
गहलोत के दावे से मची सियासी खलबली
आगे बोलते हुए गहलोत ने कहा कि लोग प्लानिंग कर चुके हैं, लेकिन भजनलाल शर्मा यह समझ नहीं पा रहे हैं। हम उन पर आरोप नहीं लग रहे हैं। अभी तो उनकी सरकार को महज डेढ़ साल ही हुए हैं ऐसे में कैसा आरोप। हम तो उन्हें चेतावनी दे रहे हैं बार-बार उन्हें समझा रहे हैं। पहली बार एक नए नौजवान को पहली बार विधायक बनते ही मुख्यमंत्री बनाया गया है , यह कितनी बड़ी बात है। इसे मेंटेन रखें, बार-बार सीएम बदलने से क्या फायदा?
अशोक गहलोत के इस बयान से अब सियासी हल चलें तेज हो गई है। इतना ही नहीं आपातकाल को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जश्न पर भी अशोक गहलोत ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि भाजपा जश्न मना रही है लेकिन जनता यह बात समझ चुकी है 50 साल पहले जो इमरजेंसी को लेकर एक्शन हुआ था, उसका नतीजा कांग्रेस भुगत चुकी है। उसके बाद इंदिरा गांधी की आंधी चली थी और कांग्रेस भारी बहुमत से जीती थी, तब मैं भी सांसद बना था। भाजपा 50 साल बाद भी अब उसे मुद्दे को भुनाने के प्रयास में है, लेकिन इसमें वह सफल नहीं होंगे।
अशोक गहलोत ने भाजपा पर जमकर प्रहार किया। सर्किट हाउस में आम लोगों से मुलाकात के बीच अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी पर हिंदू मुस्लिम के नाम पर राजनीति करने की बात कही। अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी हिंदू मुस्लिम के नाम पर राजनीति नहीं की हिंसा का समर्थन नहीं किया। अशोक गहलोत तीन दिन के जोधपुर के दौरे पर है।
