राजस्थान में पिछले दो वर्षों में अपराधों में कमी : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सुदृढ़ कानून व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में पुराने कानूनों में बदलाव कर लाई गई नई न्याय संहिता में त्वरित न्याय की अवधारणा से लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
भजनलाल शर्मा राजस्थान पुलिस अकादमी में 'विकसित भारत में पुलिस व्यवस्था' विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय पुलिस सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश की कानून व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और अपराधों में कमी आई है।
उन्होंने वर्ष 2023 के मुकाबले अपराधों में 15 प्रतिशत की कमी का जिक्र किया। इसके अंतर्गत हत्या के प्रकरणों में 25 प्रतिशत, लूट के प्रकरणों में 50 प्रतिशत, महिला अत्याचार के मामलों में 10 प्रतिशत और अनुसूचित जाति एवं जनजाति के खिलाफ अत्याचार के मामलों में 28 प्रतिशत कमी दर्ज की गई है।
