बाइक सवार चाचा की मौत, भतीजा और राहगीर घायल

बाइक सवार चाचा की मौत, भतीजा और राहगीर घायल
X

डूंगरपुर। जिले के चौरासी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर राहगीर को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि बाइक चालक और एक अन्य राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

चौरासी थाना हेड कांस्टेबल हजारीलाल ने बताया कि विकासनगर फला रमैय्या निवासी हरीश ननोमा ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार, हरीश के पिता शंकर ननोमा अपने भतीजे राजेश ननोमा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर महुड़ी गांव में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।

तेज रफ्तार बनी काल

कार्यक्रम से लौटते समय लालू ननोमा के घर के पास चालक राजेश ने लापरवाही और तेज गति से बाइक चलाते हुए सड़क पर चल रहे राहगीर दिनेश ननोमा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों व्यक्ति और राहगीर तीनों ही सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।

अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसकी मदद से घायलों को डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण उपचार के दौरान शंकर ननोमा ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल दिनेश का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक का शव मोर्चरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Tags

Next Story