ओवरलोड ऑटो रिक्शा पलटा, दो बच्चों की दर्दनाक मौत

डूंगरपुर । डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र में आज एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है, जहाँ एक ऑटो के अनियंत्रित होकर पलटने से उसमें सवार दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में परिवार के 9 अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार, चौरासी थाना क्षेत्र के वेंजा मोड़ के पास यह हादसा हुआ। पीड़ित परिवार अपने घर से एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ऑटो में सवार होकर निकला ही था। घर से महज 100 मीटर की दूरी पर सड़क पर ढलान और तीखा मोड़ होने के कारण चालक संतुलन खो बैठा और ऑटो पलट गया।इस भीषण दुर्घटना में ऑटो सवार दो मासूम बच्चों की जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। वही एक घायल को रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों मासूमों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।बताया जा रहा है कि ऑटो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे, जो खुशी-खुशी किसी समारोह में हिस्सा लेने जा रहे थे। लेकिन घर से निकलते ही कुछ ही पलों में खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
