स्कूल की नई बिल्डिंग में फंदे से लटका मिला युवक-युवती का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

स्कूल की नई बिल्डिंग में फंदे से लटका मिला युवक-युवती का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
X

डूंगरपुर । जिले के चौरासी थाना अंतर्गत गैंजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार सुबह एक युवक और युवती के शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचित किया गया। ग्रामीणों ने स्कूल की निर्माणाधीन बिल्डिंग की छत से निकले लोहे के सरियों पर दोनों के शव लटके हुए देखे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाया और शिनाख्त की कार्रवाई शुरू की। मृतक युवक की पहचान पाकरोन निवासी 22 वर्षीय मनोज खराड़ी के रूप में हुई है, जो पेशे से मजदूर था और शादीशुदा था। हालांकि, उसके साथ मिली युवती की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। मृतक मनोज का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था और वह बीते 1 फरवरी को घर से झगड़ा कर निकल गया था। इस संबंध में उसकी पत्नी ने 17 फरवरी को ही चौरासी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मनोज की एक छोटी बेटी भी है। स्कूल की प्रिंसिपल जशोदा कलासुआ ने बताया कि स्कूल खुलने का समय सुबह 10 बजे है और आज कोई परीक्षा नहीं होने के कारण सुबह के वक्त स्टाफ मौजूद नहीं था, जिसके चलते घटना का पता देरी से चला। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाया है और मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।

Tags

Next Story