पुष्कर में धीरेंद्र शास्त्री का कटाक्ष: बोले- 'चादर चढ़ाने का शौक है तो यहां आकर पितरों का पिंडदान करो, बेड़ा पार हो जाएगा'

अजमेर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री रविवार को तीर्थराज पुष्कर पहुंचे। यहां उन्होंने जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की और सोमवार से शुरू होने वाली तीन दिवसीय हनुमंत कथा का निमंत्रण भगवान ब्रह्मा को दिया। इस दौरान शास्त्री ने अपने चिरपरिचित अंदाज में सनातन धर्म की महत्ता बताते हुए एक बड़ा बयान भी दिया।
पिंडदान से होगा बेड़ा पार
ब्रह्मा मंदिर के बाहर मीडिया से बातचीत में पंडित शास्त्री ने कहा, "जिन लोगों को चादर चढ़ाने का ज्यादा ही शौक है, उनसे कहेंगे कि पुष्कर आकर अपने पितरों के लिए पिंडदान भी कर लिया करें, इससे तुम्हारा बेड़ा पार हो जाएगा।" उन्होंने पुष्कर को सतयुग का तीर्थ और विश्व की आस्था का केंद्र बताते हुए कहा कि यह वीरों और संतों की भूमि है, जहां ब्रह्मा जी के साक्षात दर्शन होते हैं।
पुष्कर राज का किया दुग्धाभिषेक
इससे पूर्व पंडित शास्त्री किशनगढ़ एयरपोर्ट से सीधे पुष्कर के ब्रह्मा घाट पहुंचे। कड़ी सुरक्षा के बीच उन्होंने तीर्थ पुरोहितों के आचार्यत्व में तीर्थराज पुष्कर का विधिवत पूजन और दुग्धाभिषेक किया। उन्होंने सरोवर की पूजा के साथ महाआरती में भी भाग लिया। शास्त्री की एक झलक पाने के लिए घाटों और मंदिर मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
आज से सजेगा दिव्य दरबार
पुष्कर के नए मेला मैदान में 23 से 25 फरवरी तक हनुमंत कथा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के अनुसार, 24 फरवरी को भव्य दिव्य दरबार सजेगा। पंडित शास्त्री ने बताया कि उन्होंने ब्रह्मा मंदिर में भगवान के चारों मुखों के दर्शन किए हैं और उन्हें कथा का निमंत्रण दिया है। कथा को सुनने के लिए राजस्थान ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का पुष्कर पहुंचना शुरू हो गया है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
