जन्मदिन की खुशी में चली गोली, गांव में पसरा मातम

धौलपुर। नादनपुर थाना क्षेत्र के ताजपुरा गांव में गुरुवार रात जन्मोत्सव समारोह उस समय दहशत और मातम में बदल गया, जब डांस के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में एक दस वर्षीय मासूम बच्ची और एक महिला गोली लगने से घायल हो गईं। घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार ताजपुरा गांव में संग्राम गुर्जर के घर उनकी बहन बृजेश के सात वर्षीय पुत्र का जन्मदिन मनाया जा रहा था। साथ ही पड़ोसी पान सिंह गुर्जर के घर भी उनके आठ वर्षीय पुत्र का जन्मोत्सव कार्यक्रम चल रहा था। दोनों घरों में रिश्तेदार और महिलाएं मौजूद थीं और डीजे पर डांस हो रहा था। इसी दौरान किसी युवक ने हर्ष फायरिंग कर दी। गोली लगने से दस वर्षीय भूरो पुत्री उदयभान के कंधे में गंभीर चोट आई, जबकि 35 वर्षीय रामवती पत्नी भगवानदास के पैर में गोली लगी।

घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नादनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया गया कि घायल महिला रामवती और बृजेश आपस में सगी बहनें हैं, जो मायके में कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं।

पुलिस ने घायलों के पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में धर्मेंद्र पुत्र उदयवीर द्वारा फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और हर्ष फायरिंग को लेकर सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।

Tags

Next Story