खेत में काम कर रहे किसान को पिकअप ने मारी टक्कर, मौत

धौलपुर। कंचनपुर थाना क्षेत्र के कुर्रेदा तिवरिया मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खेत में मेड़ के पास तार लगाते समय 32 वर्षीय किसान को तेज रफ्तार पिकअप (मैक्स) ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टक्कर के बाद पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर कुछ दूरी पर जाकर पलट गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कपूर सिंह पुत्र टुंडा राम गुर्जर, उम्र लगभग 32 वर्ष, निवासी मेघ सिंह का पूरा, थाना कंचनपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि गुरुवार शाम कपूर सिंह अपने खेत की मेड़ पर तार लगा रहे थे, तभी तेज गति से आ रही पिकअप ने उन्हें चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल किसान को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में मृतक का पुत्र संदीप गुर्जर भी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर कंचनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
