केकड़ी के राजकीय जिला अस्पताल के डाक्टर ने किया सुसाइड

केकड़ी के राजकीय जिला अस्पताल के डाक्टर ने किया सुसाइड
X

केकड़ी। राजकीय जिला ​अस्पताल में कार्यरत चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार मीणा ने मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मीणा पिछले एक साल से केकड़ी अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे थे। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अ​धीक्षक राजेश कुमार मील,सिटी थानाधिकारी अनिल शर्मा मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतरवा कर मोर्चरी में रखवाया। बताया जाता है कि डॉ. अशोक मीणा ने सोमवार को तबियत ठीक नहीं होने की बात कहते हुए ड्यूटी ली थी। मंगलवार सुबह डाक्टर के यहां खाना बनाने वाली महिला ने नाश्ता तैयार किया, इसके बाद वह वहां से चली गई। चिकित्सालय प्रबंधन के अनुसार डॉ. अशोक कुमार मीणा की मंगलवार को डे ड्यूटी थी। निर्धारित दो बजे तक अस्पताल नहीं पहुंचने पर पीएमओ सहित अन्य ने उन्हें फोन किया। लेकिन फोन रिसिव नहीं हुआ। इसके बाद चिकित्साकर्मी अस्पताल के पीछे बने सरकारी क्वार्टर पहुंचे व दरवाजा खटखटाया। लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस दौरान किसी कर्मचारी को एक खिड़की की दरार में मीणा का शव फंदे पर लटका नजर आया। चिकित्साधिकारियों की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अ​धीक्षक राजेश कुमार मील, शहर थानाधिकारी अनिल शर्मा मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर सरकारी क्वार्टर में प्रवेश किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने क्वार्टर को सील करवा दिया है इसी के साथ ही एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलवाया जा रहा है। चिकित्सक के आवास परिसर में किसी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस के अनुसार मृतक चिकित्सक के परिजनों को सूचना दी गई है। उनकी मौजूदगी में आवास की विस्तृत तलाशी ली जाएगी। चिकित्सक के पिता देवली के समीप राजकोट में रहते है। घटना का पता चलते ही अस्पताल परिसर में चिकित्साकर्मियों सहित आमजन की भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जाता है कि डॉ. मीणा ने मंगलवार सुबह 10.37 बजे व्हाटसएप पर आखरी स्टेटस लगाया था, जिसमें उन्होंने लिखा कि 'मरीज नहीं देखे जाएंगे, अनावश्यक कॉल न करें'।

Next Story