आबकारी आयुक्त नमित मेहता की दोटूक: 15 अप्रैल तक हर हाल में पूरा करें मदिरा दुकानों का बंदोबस्त, वित्तीय लक्ष्यों में कोताही बर्दाश्त नहीं

उदयपुर। प्रदेश सरकार की आबकारी नीति को धरातल पर उतारने और राजस्व लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति को लेकर आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने सख्त रुख अपना लिया है। सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए प्रदेशभर के अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में अभी तक मदिरा दुकानों का बंदोबस्त अधूरा है, उसे आगामी 15 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए।
एक्शन प्लान के साथ मैदान में उतरें अधिकारी
आयुक्त मेहता ने जोनवार समीक्षा करते हुए जिला आबकारी अधिकारियों को दोटूक कहा कि मदिरा दुकानों के सेटलमेंट के कार्य में सक्रियता लाएं। उन्होंने जोर दिया कि जिन जिलों में लक्ष्य अधूरे हैं, वहां अधिकारी विशेष 'एक्शन प्लान' बनाकर कार्य करें ताकि सरकारी राजस्व को किसी भी प्रकार की हानि न हो।
अवैध शराब और तस्करी पर 'सर्जिकल स्ट्राइक' के निर्देश
बैठक में अवैध शराब के कारोबार और बाहरी राज्यों से होने वाली तस्करी पर लगाम कसने के लिए आबकारी निरोधक दल (EPF) को और अधिक मजबूत और सक्रिय होने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि तस्करी रोकने के लिए अंतर-विभागीय समन्वय और जमीनी स्तर पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इन मुद्दों पर भी रही नजर
वीसी के दौरान विभिन्न जिलों में निर्माण कार्यों के लिए बजट के सदुपयोग, मदिरा उठाव की स्थिति, लाइसेंस प्रक्रिया और निरोधक दलों की कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत, अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) अनिल कुमार शर्मा, वित्तीय सलाहकार सुनीता विजय और उपायुक्त (EPF) प्रद्युम्न सिंह चुण्डावत सहित प्रदेश के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कैप्शन: भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
