फाल्गुनी मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हिसार जयपुर स्पेशल ट्रेन 25 से 28 फरवरी तक चलेगी

सीकर। बाबा खाटूश्यामजी के वार्षिक फाल्गुनी लक्खी मेले में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं के भारी हुजूम को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हिसार-जयपुर-हिसार के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
यह विशेष ट्रेन 25 फरवरी से 28 फरवरी तक कुल 4 फेरे पूरे करेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस ट्रेन के सभी डिब्बे जनरल श्रेणी के रखे गए हैं, ताकि अधिक से अधिक यात्री सुगम यात्रा कर सकें।
ट्रेन की समय-सारणी और रूट:
उत्तर पश्चिम रेलवे के PRO अमित सुदर्शन के अनुसार, मेले के दौरान पैसेंजर लोड को देखते हुए शेड्यूल तय किया गया है:
गाड़ी संख्या 04721 (हिसार-जयपुर): 25 से 28 फरवरी तक प्रतिदिन सुबह 05:50 बजे हिसार से रवाना होकर दोपहर 01:00 बजे जयपुर पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 04722 (जयपुर-हिसार): 25 से 28 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 02:50 बजे जयपुर से चलकर रात 10:25 बजे हिसार पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव:
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह ट्रेन रास्ते में सिवानी, सादुलपुर, रामपुरा बेरी, लोहारू, सूरजगढ़, चिड़ावा, रतनशहर, झुंझुनूं, डूंडलोद मुकुंदगढ़, नवलगढ़, सीकर, पलसाना, रींगस, गोविंदगढ़ मलिकपुर, चौमूं सामोद और ढहर का बालाजी स्टेशनों पर रुकेगी। विशेष रूप से रींगस स्टेशन पर ठहराव से खाटू जाने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
