2 करोड़ की सोना लूट का पर्दाफाश,पूर्व कर्मचारी ही निकला मुख्य साजिशकर्ता; दो गिरफ्तार, पिस्टल और लूटा गया सोना बरामद

2 करोड़ की सोना लूट का पर्दाफाश,पूर्व कर्मचारी ही निकला मुख्य साजिशकर्ता; दो गिरफ्तार, पिस्टल और लूटा गया सोना बरामद
X

बाली/फालना। पाली जिले की फालना थाना पुलिस ने बेडल-पैरवा सड़क मार्ग पर दिनदहाड़े हुई करोड़ों रुपये की सोना लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात के मुख्य मास्टरमाइंड सहित दो आरोपियों को दबोचकर उनके कब्जे से लूटा गया सोना, हथियार और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद करने में सफलता हासिल की है।

पिस्टल की नोक पर किया था अपहरण

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चैनसिंह महेचा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गत 6 फरवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया था। गुजरात पासिंग कार में सवार होकर आए बदमाशों ने बाइक सवार युवक जगाराम को पिस्टल दिखाकर डराया और उसे अगवा कर लिया। बदमाश युवक से 1 किलो से अधिक वजन के सोने के जेवरात (कीमत करीब 2 करोड़ रुपये) लूटकर फरार हो गए थे।

8 विशेष टीमों ने दी दबिश, पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 8 विशेष टीमों का गठन किया था। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने जाल बिछाकर मुख्य साजिशकर्ता हितेश जणवा चौधरी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि मुख्य आरोपी हितेश पूर्व में पीड़ित की दुकान पर कर्मचारी रह चुका था। उसे सोने की आवाजाही और समय की पूरी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उसने इस पूरी लूट की योजना बनाई।

हथियार और सोना बरामद, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया सोना, वारदात में प्रयुक्त पिस्टल और कार बरामद कर ली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही पूरे गिरोह को बेनकाब किया जाएगा।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Next Story