राजस्थान में गर्मी ने पकड़ी रफ्तार: बाड़मेर में पारा 35 डिग्री के पार, होली तक 37 डिग्री पहुंचने के आसार

जयपुर | राजस्थान में सर्दी की विदाई के साथ ही अब सूरज के तीखे तेवरों ने दस्तक दे दी है। प्रदेश में दिन का पारा तेजी से चढ़ने लगा है, जिससे गर्मी का अहसास बढ़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार, अगले 48 घंटों के भीतर राज्य के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि होली के त्यौहार तक प्रदेश के कुछ शहरों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
बाड़मेर सबसे गर्म, 20 शहरों में पारा 30 के पार
सोमवार को मरुधरा के रेतीले धोरों में गर्मी का खास असर देखा गया। बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सर्वाधिक रहा। प्रदेश के 20 से अधिक शहरों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच चुका है। जयपुर, बीकानेर और बाड़मेर जैसे शहरों में अब रात की सर्दी भी नगण्य हो गई है, जहां न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।
हल्की बूंदाबांदी ने बदला मिजाज
गर्मी के बीच पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम का अलग रूप भी देखने को मिला। जयपुर और टोंक के कुछ इलाकों में सोमवार सुबह बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। इसके अलावा अलवर, सीकर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और झालावाड़ में भी बादलों की आवाजाही रही। हालांकि, पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के जिलों में आसमान साफ रहा और तेज धूप ने लोगों को पसीने छुड़ाए।
प्रमुख शहरों का तापमान एक नजर में
सोमवार को जयपुर में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कोटा में 30.9, अजमेर में 30.6, पिलानी व नागौर में 30.7, बारां में 30.3 और टोंक के निवाई में 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक है।
