राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन का ऐतिहासिक कीर्तिमान: नागरिक संतुष्टि का स्तर 80% के पार

जयपुर/भीलवाड़ा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान के प्रशासनिक तंत्र में एक बड़ा क्रांतिकारी बदलाव देखने को मिला है। प्रदेश की 'राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181)' ने शिकायतों के निस्तारण में अब तक के सभी पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। मार्च 2026 में नागरिक संतुष्टि का स्तर 80 प्रतिशत के पार पहुँच गया है, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे उच्चतम (All-Time High) स्तर है। गौरतलब है कि पिछले महीने यह आंकड़ा महज 69.54 प्रतिशत था, जिसमें मात्र 30 दिनों के भीतर जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है।
जब कॉल सेंटर पर खुद 'साहब' सुनने लगे फरियाद
इस ऐतिहासिक सुधार के पीछे मुख्यमंत्री का वह कड़ा रुख और नवाचार है, जिसके तहत अब केवल ऑपरेटर ही नहीं, बल्कि शासन के शीर्ष अधिकारी भी सीधे जनता से रूबरू हो रहे हैं। एसीएस (ACS) से लेकर शासन सचिव स्तर के वरिष्ठ अधिकारी खुद 181 के कॉल सेंटर पर बैठकर परिवादियों की समस्याएं सुन रहे हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास द्वारा जारी विशेष परिपत्र के अनुसार, 4 मार्च से 28 अप्रैल तक सभी विभागों के प्रभारी सचिवों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। ये अधिकारी निर्धारित तिथियों पर हेडफोन लगाकर बैठते हैं और फीडबैक लेते हैं कि समस्या का समाधान वास्तव में हुआ है या केवल कागजी खानापूर्ति की गई है।
एक दिन में 25,254 शिकायतों का निपटारा: नया रिकॉर्ड
प्रशासनिक मुस्तैदी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि राजस्थान संपर्क पोर्टल ने 24 फरवरी 2026 को एक ही दिन में रिकॉर्ड 25,254 प्रकरणों का निस्तारण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सरकार की इस सक्रियता से आमजन में विश्वास बढ़ा है और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो रही है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
