धौलपुर-करौली हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी कार ट्रक से टकराई, 5 माह के मासूम की मौत, 12 घायल

धौलपुर-करौली हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी कार ट्रक से टकराई, 5 माह के मासूम की मौत, 12 घायल
X

धौलपुर। जिले के सरमथुरा इलाके में रविवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया, जहाँ कैला देवी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इस दर्दनाक भिड़ंत में 5 माह के एक मासूम बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी कार

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद निवासी श्रद्धालु अर्टिगा कार में सवार होकर कैला देवी माता के दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी धौलपुर-करौली हाईवे पर बथुआ खो (ग्यारह बी) क्षेत्र के पास पहुँची, चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मासूम की मौत, एक गंभीर घायल जयपुर रेफर

हादसे में 5 माह के बालक छोटा उर्फ देवेंद्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची और राहगीरों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल करौली जिला अस्पताल पहुँचाया गया। घायलों में से एक युवक श्यामवीर की हालत अत्यंत चिंताजनक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस प्रशासन मौके पर मुस्तैद

डिप्टी एसपी अनुज शुभम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि खेड़ा चौकी के पास यह दुर्घटना हुई है। यात्री गाड़ी फिरोजाबाद से कैला देवी जा रही थी। मृतक बालक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू करवाया है और मामले की जाँच शुरू कर दी गई है।

Next Story