उदयपुर में 5 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, सोयाबीन के कट्टों की आड़ में गुजरात ले जाई जा रही थी

उदयपुर में 5 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, सोयाबीन के कट्टों की आड़ में गुजरात ले जाई जा रही थी
X


राजस्थान के उदयपुर में गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5 करोड़ रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने सोयाबीन के कट्टों की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही शराब से भरे कंटेनर को पकड़ते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह शराब पंजाब और राजस्थान में निर्मित बताई जा रही है, जिसे तस्करी कर गुजरात ले जाया जा रहा था।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि आरोपी ड्राइवर गोपाल सिंह पुत्र छोग सिंह निवासी धोरा राजवा, ब्यावर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच गोवर्धन विलास थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह चारण कर रहे हैं।

एसपी गोयल के अनुसार 5 मार्च को थानाधिकारी राजेंद्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक कंटेनर डाकन कोटड़ा से काया हाईवे होते हुए गुजरात की ओर जाएगा। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने काया पुलिया के पास नाकाबंदी कर दी।

नाकाबंदी के दौरान मुखबिर के बताए हुलिए का एक कंटेनर ट्रक आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रोककर जांच की। पुलिस ने जब ड्राइवर से नाम-पता और वाहन में भरे माल के बारे में पूछा तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। संदेह होने पर पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ट्रक में सोयाबीन के कट्टों की आड़ में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के कुल 1203 कर्टन भरे मिले। ड्राइवर के पास शराब परिवहन या अपने कब्जे में रखने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने शराब से भरे कंटेनर को जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब इस अवैध शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां से लोड हुई और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।

भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - [email protected]

व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाडा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की सब्जी मंडी भीलवाडा

Next Story