दिल्ली में अहम मुलाकात: पीएम मोदी से मिले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

नई दिल्ली/जयपुर | राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। वैश्विक स्तर पर जारी उथल-पुथल के बीच इस मुलाकात को रणनीतिक और राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री से एक महीने के भीतर यह दूसरी मुलाकात है, इससे पूर्व 28 फरवरी को पीएम के अजमेर दौरे के दौरान दोनों नेताओं की चर्चा हुई थी।
ऊर्जा संकट और प्रदेश की तैयारी पर चर्चा
सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी द्वारा संसद में इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा संकट पर जताई गई चिंता के मद्देनजर यह मुलाकात हुई। माना जा रहा है कि सीएम भजनलाल ने राजस्थान पर इन वैश्विक घटनाओं के संभावित असर और उससे निपटने के लिए राज्य सरकार के पास उपलब्ध 'एक्शन प्लान' की विस्तृत जानकारी प्रधानमंत्री को दी है।
राजनीतिक नियुक्तियों और चुनाव पर मंथन
मुलाकात के दौरान राजस्थान के कई लंबित मुद्दों पर भी चर्चा की संभावना है। प्रदेश में लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार और विभिन्न बोर्ड-निगमों में राजनीतिक नियुक्तियां अटकी हुई हैं। साथ ही, सरकार राज्य में 'वन स्टेट वन इलेक्शन' का फॉर्मूला लागू करने की इच्छुक है, जबकि हाईकोर्ट ने निकाय व पंचायत चुनावों के लिए 15 अप्रैल तक की समय-सीमा तय कर रखी है। इन कानूनी और राजनीतिक चुनौतियों पर सीएम ने प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन लिया।
चंदन की मां दुर्गा की मूर्ति की भेंट
इस खास अवसर पर सीएम ने प्रधानमंत्री को जयपुर के प्रख्यात कलाकार मोहित जांगिड़ द्वारा निर्मित चंदन की लकड़ी की मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट की। बारीक नक्काशी वाली यह कलाकृति जांगिड़ परिवार की चार पीढ़ियों की विरासत का प्रतीक है, जिनके परिवार को अब तक 11 राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं।
