वासुदेव देवनानी की पत्नी इंद्रा देवी का निधन

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पत्नी इंद्रा देवी का सोमवार देर शाम जयपुर के एसएमएस अस्पताल में निधन हो गया। 68 वर्षीय इंद्रा देवी को 29 अक्टूबर को कार्डियक अरेस्ट आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की थी, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। वह हाइपॉक्सिक ब्रेन इंजरी सहित ब्लड प्रेशर, अस्थमा और हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित थीं।
डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से परिवार और परिचितों में गहरा शोक है।
इंद्रा देवी पूर्व में शिक्षिका रही थीं। उनकी शादी वर्ष 1974 में वासुदेव देवनानी से हुई थी। उनके परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। वासुदेव देवनानी वर्तमान में अजमेर उत्तर से विधायक और राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष हैं।
इंद्रा देवी का अंतिम संस्कार मंगलवार को अजमेर में किया जाएगा। अंतिम यात्रा सुबह 11 बजे उनके निवास 28, संत कंवरराम कॉलोनी, रामनगर से पुष्कर रोड स्थित ऋषि घाटी श्मशान तक जाएगी।
