आरपीटीसी किशनगढ़ में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा का प्रेरक प्रवास: दिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के निर्देश

जयपुर/किशनगढ़: पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री राजीव कुमार शर्मा रविवार देर शाम किशनगढ़ प्रवास पर रहे, जहाँ उन्होंने राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (आरपीटीसी) का सघन दौरा किया। डीजीपी ने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं और संसाधनों का निरीक्षण करते हुए आरपीटीसी निदेशक राजन दुष्यंत को आवश्यक सुधार और अतिरिक्त तैयारियों के निर्देश दिए। उन्होंने इनडोर और आउटडोर प्रशिक्षण स्टाफ से फीडबैक लिया और उन्हें नवीनतम पाठ्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षणार्थियों को पुलिस की विभिन्न विधाओं में पारंगत करने के लिए प्रोत्साहित किया। संवाद के दौरान उन्होंने महिला प्रशिक्षणार्थियों से उनके अनुभवों की जानकारी ली और उनके साथ मैस में बैठकर भोजन करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए डीजीपी ने कहा कि पुलिस सेवा केवल वर्दी तक सीमित नहीं है, एक अच्छा पुलिसकर्मी होने के साथ-साथ एक अच्छा इंसान बनना भी जरूरी है। उन्होंने जवानों को जाति, धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर राष्ट्र सुरक्षा और नागरिकों के सम्मान की रक्षा हेतु स्वयं को समर्पित करने का आह्वान किया। कैंपस में संसाधनों की कमी को देखते हुए उन्होंने मौके से ही राजस्थान पुलिस आवासन निगम को आवश्यक निर्देश जारी किए। इस अवसर पर एडीजी (L&O) वी.के. सिंह, आईजी अजमेर रेंज राजेंद्र सिंह, एसपी अजमेर वंदिता राणा सहित कई उच्चाधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि डीजीपी सोमवार को भीलवाड़ा में अजमेर रेंज के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
