मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 1008 कुण्डीय हनुमान महायज्ञ में आहुति दी

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को सीकर रोड स्थित नींदड़ में आयोजित 1008 कुण्डीय हनुमान महायज्ञ और श्रीराम कथा में हिस्सा लिया। उन्होंने जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी के सानिध्य में सपरिवार मंत्रोच्चार करते हुए विश्व कल्याण के लिए हवन में आहुति दी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि स्वामी रामभद्राचार्य जी का भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति में ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना के अनुरूप यज्ञ विधि से कार्य किया जाता है। यह यज्ञ विश्व कल्याण और राज्य के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके माध्यम से सद्भावनाओं को मजबूत किया जाता है।
स्वामी रामभद्राचार्य जी ने कहा कि यह यज्ञ भारत को सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनाने की कामना से आयोजित किया गया है। साथ ही यह यज्ञ देश को अखंड, अजय और सशक्त बनाने के साथ श्रद्धालुओं की मनोकामनाओं को पूरा करने के उद्देश्य से भी किया जा रहा है। महाराज ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश की समृद्धि और प्रगति की कामना भी की।
