समर शेड्यूल लागू, जयपुर से 13 फ्लाइट्स का संचालन रोका गया

समर शेड्यूल लागू, जयपुर से 13 फ्लाइट्स का संचालन रोका गया
X

जयपुर | प्रदेश की राजधानी के जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर समर शेड्यूल लागू होते ही हवाई यात्रियों को बड़ा झटका लगा है। एयरलाइंस कंपनियों ने मांग और ऑपरेशनल कारणों का हवाला देते हुए कल से कुल 13 फ्लाइट्स का संचालन बंद करने का निर्णय लिया है। इस बदलाव से विशेष रूप से मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे महानगरों की यात्रा करने वाले पैसेंजर्स को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

इन प्रमुख उड़ानों पर लगा ब्रेक

शेड्यूल से हटाई गई उड़ानों में देर रात और सुबह की महत्वपूर्ण फ्लाइट्स शामिल हैं। मुंबई जाने वाली फ्लाइट SG-251 (रात 1:25 बजे) और सुबह 7:20 बजे वाली 6E-5035 अब उड़ान नहीं भरेंगी। इसके अलावा जैसलमेर, चंडीगढ़, जोधपुर और इंदौर जैसे शहरों के लिए भी कनेक्टिविटी कम हो गई है।

बंद होने वाली मुख्य फ्लाइट्स की सूची:

सुबह: चंडीगढ़ (6E-7742), जैसलमेर (6E-7675), चेन्नई (6E-5362), जोधपुर (6E-7405) और मुंबई (6E-251)।

शाम/रात: देहरादून (6E-7468), मुंबई (SG-651), दिल्ली (IX-1289), बेंगलुरु (6E-373) और कोलकाता (6E-6427)।

कनेक्टिविटी पर असर, यात्रियों को सलाह

फ्लाइट्स बंद होने का सीधा असर बिजनेस और टूरिज्म सेक्टर पर पड़ेगा। जयपुर से अन्य शहरों के बीच सीधी हवाई सेवा कम होने से यात्रियों को अब वैकल्पिक उड़ानों या परिवहन के अन्य साधनों पर निर्भर रहना होगा। एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें ताकि एयरपोर्ट पर होने वाली परेशानी से बचा जा सके।

Next Story