जैसलमेर: पोकरण और लाठी क्षेत्र में तेज धमाकों से थर्राए घर, आसमान में दिखा धुंआ; पुलिस ने दी सफाई

जैसलमेर: पोकरण और लाठी क्षेत्र में तेज धमाकों से थर्राए घर, आसमान में दिखा धुंआ; पुलिस ने दी सफाई
X


जैसलमेर। सीमावर्ती जिले के पोकरण और लाठी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से सुनाई दे रहे रहस्यमयी और तेज धमाकों ने ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। सोमवार दोपहर और फिर मंगलवार को करीब ढाई से साढ़े तीन बजे के बीच हुए इन धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घरों के दरवाजे और खिड़कियां तक थर्रा उठे।

25-30 किलोमीटर के दायरे में महसूस हुए झटके

जानकारी के अनुसार, धमाके की आवाज लाठी, लोहटा, रतन की बस्सी, धोलिया, चांदनी, डेलासर, धनिया नाडा, सांकड़ा, राजमथाई और बांधेवा सहित बाड़मेर जिले के उण्डू गांव तक सुनाई दी। धमाके के तुरंत बाद आसमान में धुएं की एक लंबी लकीर भी आगे बढ़ती नजर आई, जिससे ग्रामीण किसी अनहोनी की आशंका से सहम गए और चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।

सुपरसोनिक बूम ने फैलाई दहशत

धमाकों और धुएं को लेकर लाठी थानाधिकारी नाथूसिंह चारण ने सैन्य अधिकारियों से संपर्क किया। जांच के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह किसी दुर्घटना या हमले की आवाज नहीं थी। दरअसल, वायुसेना के सामान्य अभ्यास के दौरान जब सुपरसोनिक लड़ाकू विमान ध्वनि की गति से भी तेज (सुपरसोनिक स्पीड) उड़ान भरते हैं, तो 'सुपरसोनिक बूम' पैदा होता है, जो जमीन पर रहने वालों को किसी बड़े धमाके जैसा महसूस होता है।

पुलिस की अपील: घबराने की जरूरत नहीं

थानाधिकारी ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि यह वायुसेना के नियमित युद्धाभ्यास का हिस्सा है और इससे जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। अतः ग्रामीणों को घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण इस तरह के धमाकों से लोग एकबारगी गहरे डर में नजर आए।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Next Story