जोधपुर दौरे पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की तबीयत बिगड़ी, सर्किट हाउस में डॉक्टरों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण

जोधपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे के जोधपुर प्रवास के दौरान अचानक स्वास्थ्य खराब होने की खबर सामने आई है। राज्यपाल गुरुवार को एमबीएम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे, जहां से लौटते समय उनकी तबीयत नासाज हो गई। फिलहाल वे सर्किट हाउस में विश्राम कर रहे हैं और डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
दीक्षांत समारोह से लौटते समय महसूस हुई बेचैनी
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल सुबह करीब 11 बजे एमबीएम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। दोपहर करीब 1 बजे समारोह संपन्न होने के बाद जब वे सर्किट हाउस के लिए रवाना हुए, तो रास्ते में उन्हें जी मिचलाने और उल्टी जैसी शिकायत महसूस हुई। सर्किट हाउस पहुँचते ही सूचना मिलते ही डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और उनके स्वास्थ्य की गहन जांच की। डॉक्टरों ने उन्हें हल्का भोजन लेने और पूर्ण विश्राम की सलाह दी है।
प्रशासनिक अमला पहुंचा सर्किट हाउस
राज्यपाल की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, डीसीपी ईस्ट मनीष चौधरी और एसीपी ईस्ट प्रतीक सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी सर्किट हाउस पहुंचे और राज्यपाल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। हालांकि, शाम को राजस्थान दिवस समारोह में उनके शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है।
SMS अस्पताल में भर्ती होने की भी खबर
ताजा अपडेट के अनुसार, राज्यपाल को रूटीन चेकअप के लिए जयपुर के एसएमएस (SMS) अस्पताल के मेडिकल आईसीयू में भी ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 1 बजे जब वे जांच के लिए पहुंचे थे, तब अचानक स्वास्थ्य में गिरावट देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एहतियातन भर्ती करने का निर्णय लिया।
