गहलोत का तीखा हमला: 'बीजेपी की नाकामी और साजिशों का पर्दाफाश'

उदयपुर,: पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को उदयपुर सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। कन्हैयालाल हत्याकांड से लेकर अन्नपूर्णा योजना तक, गहलोत ने तीखे अंदाज में बीजेपी की नाकामियों और साजिशों को उजागर किया। उन्होंने साफ कहा कि बीजेपी की नीयत में खोट है और उनकी सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
कन्हैयालाल हत्याकांड: 'बीजेपी के कार्यकर्ता थे आरोपी, जवाब क्यों नहीं?'
गहलोत ने कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर बीजेपी को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि तीन साल से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद इस केस में न्याय नहीं मिला। "एनआईए के पास केस है, चालान पेश हो चुका है, लेकिन 166 में से सिर्फ 15 गवाहों की सुनवाई हुई। ऐसी लापरवाही पहले कभी नहीं देखी," गहलोत ने तंज कसते हुए कहा।
उन्होंने दावा किया कि अगर यह केस उनकी सरकार के पास होता, तो छह महीने से एक साल में फैसला हो चुका होता, और दोषियों को आजीवन कारावास या फांसी की सजा मिली होती। गहलोत ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, "हत्यारे बीजेपी के कार्यकर्ता थे। मैंने यह सवाल कई बार उठाया, लेकिन बीजेपी ने कभी इसका खंडन नहीं किया।" उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह की चुप्पी पर भी सवाल उठाया, जिन्होंने हाल के दौरे में इस मुद्दे पर एक शब्द नहीं बोला। गहलोत ने इसे बीजेपी की 'चुनावी साजिश' का हिस्सा बताया, जिसका इस्तेमाल कांग्रेस को हराने के लिए किया गया।
सीएम भजनलाल पर निशाना: 'लेटर का जवाब तक नहीं देते'
गहलोत ने वर्तमान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वह जनता की समस्याओं को लेकर पत्र लिखते हैं, लेकिन सीएम जवाब तक नहीं देते। "पहले राज देखता था, अब राज घूम रहा है। सीएम को जनता की समस्याएं सुननी चाहिए, मीटिंग करनी चाहिए। लेकिन बाढ़ प्रभावित धौलपुर में वे हेलीपेड पर ही लोगों से मिले, प्रभावित इलाकों में गए तक नहीं। समझ नहीं आता, उन्हें सलाह कौन दे रहा है?" गहलोत ने तीखे अंदाज में कहा।
अन्नपूर्णा योजना बंद: 'मोदी का थैला खाली, हमारा भरा था'
गहलोत ने बीजेपी सरकार द्वारा अन्नपूर्णा योजना बंद करने पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, "मैं जहां भी जाता हूं, लोग पूछते हैं, 'साहब, थैला गायब हो गया।' हम गरीबों को राशन से भरा थैला देते थे, लेकिन मोदी जी खाली थैला दे रहे हैं।" गहलोत ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी को योजना का नाम बदलना था, काम बंद नहीं करना था। "मेरी फोटो हटा देते, भजनलाल जी की लगा देते, लेकिन गरीबों का राशन मत छीनो।"
केंद्रीय एजेंसियों पर हमला: 'आतंक मचा रखा है'
गहलोत ने केंद्रीय एजेंसियों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग, ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई—सभी सरकार के दबाव में हैं। इन एजेंसियों ने आतंक मचा रखा है।" उन्होंने राहुल गांधी के सवालों का हवाला देते हुए कहा कि जब विपक्ष सवाल पूछता है, तो जवाब की बजाय जांच की धमकी दी जाती है। "विपक्ष के प्रति इन एजेंसियों का रवैया पूरी तरह बदल गया है," गहलोत ने कहा।
मदन राठौड़ पर तंज: 'शरीफ आदमी, सीएम ध्यान रखें'
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के 'वोट चोरी' वाले बयान पर गहलोत ने हंसते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा, "मदन जी शरीफ आदमी हैं। सीएम भजनलाल को चाहिए कि वे अपने प्रदेशाध्यक्ष का विशेष ध्यान रखें।" गहलोत ने यह भी याद दिलाया कि राठौड़ ने छात्रों से धरने में शामिल होने का वादा किया था, लेकिन बाद में मुकर गए।
कांग्रेस का गर्मजोशी से स्वागत
उदयपुर सर्किट हाउस पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गहलोत का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान गहलोत ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।गहलोत के इस तीखे हमले से साफ है कि वे बीजेपी सरकार की नीतियों और कामकाज से बेहद नाराज हैं। उनके बयानों ने एक बार फिर राजस्थान की सियासत में हलचल मचा दी है।
