180 किलो जहरीला सिंथेटिक पनीर बरामद

खैरथल-तिजारा। राज्य में होली के मद्देनजर शुरू हुए विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार सुबह एक बड़ी सफलता हासिल की है। आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशानुसार और सीएमएचओ डॉ. अरविंद गेट के नेतृत्व में टीम ने करीब 180 किलो मिलावटी और बदबूदार पनीर को मौके पर ही नष्ट करवाया। तड़के 6 बजे घेराबंदी कर पकड़ी कार
खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेवात क्षेत्र से बहुत कम दामों पर मिलावटी पनीर किशनगढ़ और खैरथल के बाजारों में सप्लाई होने वाला है।
कार्रवाई: सुबह 6:00 बजे किशनगढ़ सर्किल पर टीम ने एक सफेद ईको कार (RJ02 UB 2804) को रुकवाया।
बरामदगी: कार में पाँच पेटियों में लगभग 180 किलो पनीर भरा हुआ था।
मोबाइल वैन में खुली पोल, ₹170 में हो रहा था सौदा
पकड़े गए पनीर की तत्काल मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन में जांच की गई, जिसमें उसके 'सिंथेटिक' और 'मिलावटी' होने की पुष्टि हुई।
सस्ता जहर: ड्राइवर ने पूछताछ में कबूल किया कि इस पनीर को महज 170 रुपये प्रति किलो के भाव पर किशनगढ़ और खैरथल के हलवाइयों व दुकानदारों को बेचा जाना था।
बदबूदार माल : पनीर से दुर्गंध आ रही थी, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता था।
सैंपल लैब भेजे, टीम रही मुस्तैद
विभाग ने पनीर के सैंपल लेकर सरकारी लैब में जांच के लिए भिजवा दिए हैं और शेष पूरे स्टॉक को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान टीम में महिपाल सिंह और सुभाष यादव भी शामिल रहे। विभाग ने चेतावनी दी है कि 2 मार्च 2026 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान मिलावटखोरों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।
