किरोड़ी लाल मीणा का बेबाक अंदाज: "मैं बेईमान राजनेता नहीं, जनता का सेवक हूं"

किरोड़ी लाल मीणा का बेबाक अंदाज: मैं बेईमान राजनेता नहीं, जनता का सेवक हूं
X

सवाई माधोपुर। राजस्थान सरकार के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा अपने बेबाक और देसी अंदाज के लिए जाने जाते हैं। सवाई माधोपुर के इटावा गांव में आयोजित एक समारोह के दौरान उन्होंने राजनीति और राजनेताओं को लेकर एक बड़ा बयान दिया है।

डॉ. मीणा ने सार्वजनिक मंच से कहा, "जो बेईमानी करना जाने, वो राजनेता है; लेकिन वो मैं नहीं हूं।" उन्होंने स्पष्ट किया कि वे मन के साफ हैं और पाखंड या बेईमानी की राजनीति में विश्वास नहीं रखते। उन्होंने खुद को एक ऐसा व्यक्ति बताया जो पद या सत्ता का अहंकार नहीं पालता, बल्कि हमेशा जनता के बीच रहना पसंद करता है।

जनता ही सिखाती है चक्रव्यूह से निकलना

राजनीतिक षड्यंत्रों पर प्रहार करते हुए किरोड़ी लाल ने कहा कि वे चुनाव के समय टिकट लेकर राजनीतिक चक्रव्यूह में प्रवेश तो कर जाते हैं, लेकिन उस जटिल जाल से सुरक्षित बाहर निकलने का रास्ता उन्हें केवल 'जनता जनार्दन' ही सिखाती है। उनके अनुसार, उनके खिलाफ कई बार बड़े षड्यंत्र रचे गए, लेकिन आम जनता के प्यार और समर्थन ने उन्हें हमेशा सफल बनाया।

मंत्री के इस बयान की राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा हो रही है। उन्होंने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि वे लीक से हटकर राजनीति करने में विश्वास रखते हैं और खुद को एक राजनेता से ऊपर जनता का रक्षक और सेवक मानते हैं।

हाथी पर सवारी को बताया शुभ संकेत

ग्रामीणों ने जब उन्हें हाथी पर बैठाकर करीब एक किलोमीटर लंबे जुलूस के साथ कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया, तो डॉ. मीणा ने इसे एक अच्छा संकेत बताया। उन्होंने मजाकिया लहजे में यह भी कहा कि उन्हें डर था कि कहीं हाथी पागल न हो जाए, लेकिन हाथी पर चढ़ना हमेशा शुभ माना जाता है।

आरक्षण पर अडिग रुख

कृषि मंत्री ने सामाजिक मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे आरक्षण का बाल भी बांका नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि वे पद और मंत्री बनने का कभी घमंड नहीं पालते और हमेशा अहंकार से दूर रहते हैं, हालांकि कभी-कभी जनता के काम न होने पर उन्हें गुस्सा जरूर आ जाता है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Next Story